शहडोल/अनूपपुर। विकासखंड अनूपपुर के ग्राम बेलिया बड़ी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय कन्या बेलिया बड़ी का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। भवन की छत से गिट्टी और सीमेंट के टुकड़े लगातार गिर रहे हैं, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय भवन लगभग 35 से 40 वर्ष पुराना है। लंबे समय से भवन की मरम्मत या नए भवन के निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। स्थिति यह है कि छात्राएं भय के माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं और अभिभावकों को भी किसी बड़े हादसे की आशंका सताती रहती है।
बारिश के दौरान विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या भी बनी रहती है, जिससे छात्राओं को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भवन की जर्जर स्थिति के कारण नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है और मजबूरी में एक छोटे से अतिरिक्त कक्ष में पढ़ाई कराई जा रही है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल नए विद्यालय भवन की स्वीकृति प्रदान की जाए अथवा जर्जर भवन की आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इनका कहना है।
स्कूल द्वारा हमें आवेदन प्राप्त हुआ था इस जर्जर भवन का जल्द मरम्मत कराएंगे।
बब्बू कोल, सरपंच, ग्राम पंचायत, बेलिया बड़ी

إرسال تعليق