बढ़े बस किराए से छात्रों पर बढ़ा आर्थिक बोझ, विधायक से लगाई गुहार, पास व्यवस्था की मांग


शहडोल(सीतेंद्र पयासी)। महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए बढ़ता बस किराया अब गंभीर आर्थिक परेशानी का कारण बनता जा रहा है। दूर-दराज के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से प्रतिदिन बसों के माध्यम से शहडोल पहुंचकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने बढ़े हुए किराए को लेकर चिंता जताई है। इसी समस्या को लेकर छात्र-छात्राओं ने जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह को मांग पत्र सौंपकर विद्यार्थियों के लिए रियायती बस किराया लागू करने तथा प्रभावी विद्यार्थी बस पास व्यवस्था शुरू कराने की मांग की है

छात्रों का कहना है कि शहडोल जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी आसपास के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से अध्ययन करने आते हैं। इनमें कई विद्यार्थी ऐसे परिवारों से हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति सीमित है। ऐसे में लगातार बढ़ता परिवहन खर्च उनके परिवारों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन रहा है। विद्यार्थियों के अनुसार बस किराए में हुई वृद्धि का सीधा असर उनकी नियमित पढ़ाई और उच्च शिक्षा जारी रखने की क्षमता पर पड़ रहा है।

छात्रों का कहना है कि पढ़ाई के साथ-साथ प्रतिदिन इतना अधिक परिवहन खर्च वहन करना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए कठिन होता जा रहा है। यदि किराए में राहत नहीं मिलती है तो कई विद्यार्थियों को नियमित रूप से कॉलेज आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


छात्र-छात्राओं द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर विधायक मनीषा सिंह ने भी पहल करते हुए मुख्य जिला परिवहन अधिकारी को पत्र लिखा है। विधायक ने विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उनके बस किराए में डिस्काउंट देने की बात कही है। साथ ही छात्रों की मांगों को प्रशासनिक एवं शासन स्तर पर रखने का आश्वासन भी दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post