सरई लकड़ी की तस्करी रोकने पहुंचे वन अमले पर जानलेवा हमला, माफियाओं ने बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटा


शहडोल(सीतेंद्र पयासी)।
जिले में वन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे जंगलों की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला करने से भी नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला अमझोर वन परिक्षेत्र के सीधी सर्किल अंतर्गत महादेवा क्षेत्र से सामने आया है, जहां बेशकीमती सरई लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी रोकने पहुंचे वन विभाग के अमले पर लकड़ी माफियाओं ने सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमझोर वन परिक्षेत्र के रेंजर तरुणेंद्र सिंह, डिप्टी रेंजर दुर्गा प्रसाद अहिरवार सहित बीट गार्ड महुआ टोला नारायण यादव, बीट गार्ड डोमार राम सजीवन बैगा, बीट गार्ड पहाड़िया पवन माझी एवं बीट गार्ड ताला रविन्द्र सिंह को महादेवा क्षेत्र में सरई लकड़ी की आरा मशीन से अवैध कटाई एवं परिवहन की सूचना मिली थी, सूचना पर कार्यवाही करने पहुंची वन विभाग की टीम ने मौके पर महेंद्र यादव एवं सुरेन्द्र यादव को लकड़ी की कटाई और तस्करी करते हुए पकड़ा,बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले वन अमले को कार्यवाही न करने के लिए दबाव बनाया और फिर अवैध कटाई के दूसरे स्थान पर ले जाने का बहाना बनाकर टीम को महादेवा के अंदरूनी क्षेत्र में ले गए। जहां पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर माफियाओं ने वन कर्मियों को बंधक बना लिया और लाठी-डंडों तथा पत्थरों से बेरहमी से हमला कर दिया।

इस हमले में रेंजर तरुणेंद्र सिंह और डिप्टी रेंजर दुर्गा प्रसाद अहिरवार सहित कई बीट गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं कुछ कर्मचारियों के सिर फूट गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं,घटना के बाद घायल वन अमले ने डायल 112 पर संपर्क कर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद ब्यौहारी एवं जयसिंहनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बंधक बने वन कर्मियों को मुक्त कराकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा, इसके पश्चात पीड़ित वनकर्मियों ने जयसिंहनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि हाल ही में शहडोल मुख्यालय से लगे क्षेत्र में भी कोल माफियाओं द्वारा गश्त कर रही फॉरेस्ट टीम पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें रेंजर सहित कई वनकर्मी घायल हुए थे, लगातार हो रहे इन हमलों ने जंगलों की सुरक्षा में लगे अमले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वही इस पूरे मामले में DFO उत्तर वन मंडल तरुणा वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सरई की लड़की की कटाई कर तस्करी की सूचना पर वन अमला कार्यवाहीं करने पहुंचा था ,तभी कुछ लोगों ने उन्हें बंधक बनाकर उनके ऊपर हमला कर दिया , जिससे रेंजर डिप्टी रेंजर सहित बीट गार्ड घायल हुए है । मामले की शिकायत थाने में की गई है...

वही इस मामले में जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय बैगा का कहना है कि वन कर्मियों पर हमले की शिकायत आई है ,जिस पर मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post